रियाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल अल जुबेर ने रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। रविवार मोदी के सऊदी अरब के द्विपक्षीय दौरे का दूसरा एवं अंतिम दिन है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने दोनों नेताओं की तस्वीर के साथ ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है, “पिछले माह नई दिल्ली में और अब रियाद में। मोदी के औपचारिक स्वागत से पहले सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल अल जुबेर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।”
पिछले माह की शुरुआत में ही जुबेर नई दिल्ली आए थे और तब उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की थी।
मोदी और सऊदी अरब के शाह सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद के बीच अलग से मुलाकात होनी है। उसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होनी है और सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर होने हैं।
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और डिप्टी क्राउन प्रिंस भी मोदी से मुलाकात करने वाले हैं।
इससे पहले मोदी ने रविवार को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसिस (टीसीएस) के उस सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र का दौरा किया, जिसे केवल महिलाएं संचालित करती हैं। उसके बाद उन्होंने सऊदी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स को संबोधित किया।
सऊदी अरब दौरा मोदी के पांच दिवसीय दौरे का तीसरा और अंतिम पड़ाव है। इसके पहले वह ब्रसेल्स और वाशिंगटन डीसी गए थे।
dharmpath.com dharmpath