सट्टेबाजों ने राजस्थान रॉयल्स खिलाड़ी से सम्पर्क साधा (लीड-2)

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी टीम-राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन ने शुक्रवार को सनसनीखेज खुलासा किया कि लीग के आठवें संस्करण में एक मैच फिक्स करने के लिए उसके एक खिलाड़ी से सट्टेबाजों ने संपर्क किया था।

टीम की तरफ से यह प्रतिक्रिया अंग्रेजी समाचार पत्र ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में छपे उस खबर के बाद आई है जिसमें यह कहा गया है कि राजस्थान रॉयल्स के एक खिलाड़ी से उसकी ही रणजी ट्रॉफी टीम के एक साथी खिलाड़ी ने मैच फिक्स करने के बदले पैसे देने का प्रस्ताव रखा था। जिस खिलाड़ी से सम्पर्क किया गया, वह मुम्बई का है।

खिलाड़ी ने हालांकि उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और इसकी सूचना टीम प्रबंधन को दी। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स टीम प्रबंधन इसकी सूचना भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) को दे दी।

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रघु अय्यर ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, “करीब एक महीने पहले राजस्थान रॉयल्स के एक खिलाड़ी से एक दूसरे खिलाड़ी ने संपर्क किया था। हमारे खिलाड़ी ने ईमानदारी का बेहतरीन नमूना पेश करते हुए प्रबंधन को इसकी सूचना दी। टीम प्रबंधन ने भी आईपीएल के नियमों के तहत तत्काल इस घटना की सूचना बीसीसीआई के एसीएसयू को दे दी।”

अय्यर ने उक्त घटना की जानकारी टीम प्रबंधन को दिए जाने के लिए खिलाड़ी की प्रशंसा की और कहा, “राजस्थान रॉयल्स उस खिलाड़ी की सराहना करता है जिसने तत्काल उस बात से हमे अवगत कराया। उस खिलाड़ी के इस व्यवहार की प्रशंसा की जानी चाहिए।”

अय्यर ने साथ ही कहा कि टीम प्रबंधन एसीएसयू द्वारा आगे की जाने वाली जांच में पूरा सहयोग करेगा।

अय्यर के अनुसार, “टीम प्रबंधन ने सट्टेबाजी के खिलाफ तत्काल अपनी मंशा जाहिर करते हुए इस घटना की सूचना एसीएसयू को दे दी थी ताकि आगे की जांच की जा सके। राजस्थान रॉयल्स बीसीसीआई को आगे भी पूरा सहयोग देना जारी रखेगा ताकि क्रिकेट का साफ-सुथरे वातावरण में ्रखेला जा सके।”

अय्यर के मुताबिक कि यह घटना बताती है कि अगर खिलाड़ी और प्रबंधन तत्काल इस तरह की बातों की सूचना देते हैं तो खेल को ऐसी गतिविधियों से दूर रखा जा सकता है।

सट्ट्बाजों द्वारा खिलाड़ी से सम्पर्क किए जाने की घटना ने 2013 के आईपीएल के दौरान घटी स्पॉट फिक्गिंस और सट्टेबाजी की उस घटना की यादें ताजा कर दी हैं, जिसने कई खिलाड़ियों का करियर समाप्त कर दिया।

उस घटना में राजस्थान रॉयल्स के ही कई खिलाड़ी शामिल थे। दिल्ली पुलिस ने स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में टेस्ट खिलाड़ी शांताकुमारन श्रीसंत, अजीत चंदेला और अंकित चव्हाण को गिरफ्तार किया था।

बीसीसीआई की जांच के बाद श्रीसंत और चव्हाण पर आजीवन प्रतिबंध लगा जबकि चंदेला का मामला अब भी लंबित है।

बाद में एक अलग मामले में मुम्बई पुलिस ने चेन्नई सुपर किंग्स के टीम अधिकारी गुरुनाथ मयप्पन को गिरफ्तार किया। मयप्पन उस समय बीसीसीआई प्रमुख रहे एन. श्रीनिवासन के दामाद हैं।

मयप्पन और राजस्थान रायल्स के सहमालिक राज कुंद्रा को सर्वोच्च न्यायालय ने सट्टेबाजी का दोषी पाया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493