मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। ‘हिट एंड रन’ (2002) मामले में सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाए जाने पर चर्चित गायक अभिजीत भट्टाचार्य का कहना है कि सड़कें कारों एवं कुत्तों के लिए हैं, न कि लोगों के सोने के लिए।
यहां बुधवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डी.डब्ल्यू. देशपांडे ने खचाखच भरी अदालत में सलमान से संबंधित इस मामले में अपना फैसला सुनाया। इसके बाद अभिजीत ने भी अन्य लोगों व प्रशंसकों की तरह इस बारे में ट्विटर पर अपनी राय दी।
उन्होंने ट्वीट में लिखा, “कुत्ता रोड पे सोएगा कुत्ते की मौत मरेगा। रोड गरीब के बाप की नहीं है। मैं एक साल बेघर था, लेकिन कभी सड़क पर नहीं सोया।”
अभिजीत ने लिखा, “सड़कें कारों और कुत्तों के लिए हैं, लोगों के सोने के लिए नहीं। सलमान खान की कोई गलती नहीं है।”
यही नहीं उन्होंने सिनेजगत से सलमान के समर्थन में आगे आने की गुहार लगाई।
अभिजीत ही नहीं ज्वेलरी डिजाइनर फराह खान, अभिनेत्री प्रीति जिंटा, सुष्मिता सेन और अमीषा पटेल व अन्य सिने हस्तियों ने भी सलमान के प्रति हमदर्दी जताई।
dharmpath.com dharmpath