दुबई, 6 मई (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बुधवार को अपनी उस योजना का खुलासा किया, जिसमें वह मंगल ग्रह के वायुमंडल के अध्ययन के लिए साल 2021 में एक मानवरहित यान भेजेगा।
एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान मिशन ‘अल अमल’ के प्रारंभिक विवरण का अनावरण किया गया। इस कार्यक्रम में यूएई के उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद मौजूद थे।
समाचार पत्र गल्फ न्यूज ने अमीरात मंगल मिशन परियोजना के प्रबंधक ओमरान शराफ के हवाले से कहा, “हमारा विज्ञान मिशन मंगल ग्रह के वायुमंडल की पहली सच्ची तस्वीर प्रस्तुत करने के लिए है। मंगल ग्रह की जलवायु और किस प्रकार वायुमंडल के स्तर आपस में जुड़े, उसका यह पहला समग्र अध्ययन है।”
रपट के मुताबिक, इस मिशन पर मूल रूप से अमीरात के ही 150 इंजीनियर व वैज्ञानिक काम करेंगे।
शराफ ने कहा, “हम तैयार हैं। दूसरा मौका नहीं मिलता। यह दौर समय के खिलाफ है।”
उन्होंने कहा, “मंगल ग्रह के वायुमंडल की मुकम्मल तस्वीर के लिए वैज्ञानिक यान द्वारा भेजे गए आंकड़ों का अध्ययन करेंगे।”
यान द्वारा भेजे गए आंकड़ों को 200 विश्वविद्यालयों व शोध संस्थानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
मंगल ग्रह के सात से नौ महीने की यात्रा के मद्देनजर योजना बनाने, क्रियान्वयन व निगरानी के लिए एक स्पेस एजेंसी का गठन किया गया है।
dharmpath.com dharmpath