सड़क ठेकों का सरलीकरण, मार्च तक 10,000 किलोमीटर का लक्ष्य : जेटली

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कहा कि सरकार ने ठेके से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल करने के बाद सड़क निर्माण ठेका देना शुरू कर दिया है और उसकी योजना वर्तमान वित्त वर्ष के अंत तक 10 हजार किलोमीटर सड़क परियोजनाओं का ठेका प्रदान करने की है।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, बैंकरों व ठेकेदारों के साथ एक बैठक के बाद जेटली ने कहा, “सभी प्रक्रियाओं को सरल कर दिया गया है। इसमें निकास निति, हाइब्रिड मॉडल सारी चीजें हैं। इस क्षेत्र में कई विकल्प हैं।”

उन्होंने कहा कि 6,800 किलोमीटर राजमार्ग परियोजना का ठेका पहले ही प्रदान किया जा चुका है और मार्च तक यह आंकड़ा 10,000 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा।

जेटली ने कहा, “इस तरह की बड़ी परियोजनाओं के ठेके से मुझे लगता है कि इसका इस्पात, सीमेंट, ऑटो क्षेत्र पर अच्छा प्रभाव पड़ने जा रहा है।”

जेटली ने कहा कि राजमार्ग कार्यक्रमों की सफलता ने बैंकिंग क्षेत्र की चिंताएं दूर कर दी हैं और बड़ी संख्या में ठेकेदार काम करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “किसी समय टेंडर के लिए एक भी बोली नहीं आती थी। और आज की तारीख में सभी बड़े ठेकों के लिए ठेकेदार बोलियां लगा रहे हैं।”

जेटली ने कहा कि सरकार, वित्तीय क्षेत्र, वित्तीय सेवाएं तथा ठेकेदार वर्तमान में मिल बैठकर यह तय कर रहे हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यक्रम का क्रियान्वयन किस प्रकार हो।

वहीं, गडकरी ने संवाददाताओं से कहा मंत्रियों के साथ बैठक के बाद रुकी 19 सड़क परियोजनाओं के ठेकेदारों से एक-एक कर बैठक की गई।

उनहोंने कहा, “मेरे विभाग ने कहा कि समस्याग्रस्त 5-6 परियोजनाओं का समाधान किया जा सकता है। इस बैठक में हम उम्मीद करते हैं कि ऐसा हो।”

गडकरी ने कहा, “यदि कुछ कठिन परिस्थितियों में हमें अलग से सोचने की जरूरत पड़ी, तो मैंने वित्त मंत्री, वित्त सचिव व सड़क परिवहन सचिव की कमेटी बनाने का सुझाव दिया है, जो उसपर विचार करेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493