सपा की रजत जयंती : दिखी एकजुटता, जुटे कई दलों के दिग्गज (राउंडअप)

लखनऊ , 5 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) ने यहां शनिवार को अपनी रजत जयंती मनाई। समारोह में पार्टी के अंदर एकजुटता दिखाने का प्रयास किया गया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा सहित जनता दल परिवार के कई दिग्गजों का जमघट लगा, जिससे महागठबंधन की नींव पड़ती नजर आई।

सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के काम को सराहा और कहा, “बहुत काम किया है, इनको आगे भी काफी काम करना है।”

जनेश्वर मिश्र पार्क में बुलाई गई बड़ी सभा में मुलायम ने समाजवादी आंदोलन के दिनों को याद किया और साथ देने वालों को सराहा।

उन्होंने कहा, “देश में समाजवाद का आंदोलन सभी प्रकार के भेदभाव को मिटाने के लिए शुरू किया गया। हम भी इस आंदोलन को बढ़ाने में एक हिस्सा बने। हमारा प्रयास है कि प्रदेश तथा देश में सभी लोग महिलाओं, दलितों और महादलितों का सम्मान करें।”

मुलायम ने कहा, “समाजवादी पार्टी दिन पर दिन नई ऊंचाई को छू रही है। इसके इतर कुछ लोग पार्टी के टूटने व खत्म होने की बातें कर रहे हैं। हमने इस पार्टी को खत्म होने के लिए नहीं बनाया है। हमारी पार्टी ने सिर्फ सत्ता के लिए संघर्ष नहीं किया, बल्कि आज भी भेदभाव मिटाने के लिए हर जगह पर समाजवादी आंदोलन जारी है।”

उन्होंने कहा, “देश में आज भी 21 करोड़ लोगों को भरपेट खाना नहीं मिल रहा है। देश की हालत खराब है, महंगाई चरम पर है और देश की सीमा पर भारी तनाव है।..हमारी लड़ाई सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ है। सभी लोग मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे।”

वहीं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नौजवानों के साथ खड़े दिखाई दिए। उन्होंने कहा, “हम उन लोगों का साथ कैसे छोड़ दें, जिन्होंने हमारे साथ आंदोलन में लाठियां खाई हैं। हम उनके लिए किसी भी परीक्षा से गुजरने के लिए तैयार हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने पहले भी परीक्षा दी है। सबने देखा है, आगे भी अगर कोई परीक्षा लेना चाहता है तो मैं तैयार हूं।”

अखिलेश ने अपने चाचा और सपा के प्रदेश अध्यक्ष पर परोक्ष रूप से हमला भी बोला। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया की बात दोहराते हुए कहा, “वह कहते थे कि लोग उनकी सुनेंगे, लेकिन उनके मरने के बाद। हम इसमें थोड़ा संशोधन करना चाहते हैं। हम कहना चाहते हैं कि कुछ लोग मेरी बात सुनेंगे, लेकिन पार्टी का सबकुछ बिगड़ जाने के बाद।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश ने कहा, “उन्होंने बनारस से चुनाव लड़ा और प्रधानमंत्री बने। लेकिन एक गांव को गोद लेने के अलावा और कोई काम नहीं किया, उत्तर प्रदेश को कुछ भी नहीं दिया।”

उन्होंने कहा, “उप्र का विधानसभा चुनाव देश के भविष्य की दिशा तय करेगा और इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को किसी भी कीमत पर हराना है। भाजपा पूरी तरह से माहौल खराब करने में जुटी है। हमने विकास के बहुत काम किए हैं। हमारा मुकाबला कोई नहीं कर सकता।”

शिवपाल ने कहा, “मुख्यमंत्री जी, चाहे जितना अपमान कर लो, बर्खास्त कर लो, लेकिन मैंने भी बहुत काम किया है। और क्या चाहते हो मुझसे? जो भी मंगोगे दे देंगे। मैंने भी बहुत संघर्ष किया है। मुझे कभी मुख्यमंत्री नहीं बनना।”

इससे पहले, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मंच पर अखिलेश और शिवपाल को गले लगवाया और हाथ उठवाकर एकजुटता का संदेश दिया। अखिलेश ने शिवपाल के पैर भी छुए। दोनों के चेहरे की मुस्कान बता रही थी कि अब सब कुछ ठीक है। वहां अखिलेश की सांसद पत्नी सांसद डिंपल यादव भी मौजूद थीं।

सपा के समारोह में कर्नाटक से पहुंचे पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा ने सपा अध्यक्ष मुलायम को अपना नेता मानते हुए कहा कि 1990 के दशक में जब वह 10 माह के लिए प्रधानमंत्री बने थे तो उस दौरान पड़ोसी देशों के साथ बेहतर व मधुर संबंध थे।

उन्होंने कहा, “अब हम लोगों को मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में एक बार फिर प्लेटफार्म पर आकर 1997 में छूटी गाड़ी को फिर से पकड़ना है।”

देवगौड़ा जून 1996 से अप्रैल 1997 के बीच देश के प्रधानमंत्री थे।

उन्होंने कहा कि आज सांप्रदायिक ताकतें ‘लौह पुरुष’ सरदार पटेल के नाम पर सत्ता का सुख भोग रही हैं, जिन्होंने कई रियासतों का विलय कराया था। लेकिन ये लोग देश को बांटने में लगे हैं।

देवगौड़ा ने कहा, “मेरे प्रधानंमत्री रहते हुए तथा मुलायम सिंह यादव के रक्षा मंत्री रहते हुए देश की सीमाएं बेहद सुरक्षित थीं। उस दौरान कश्मीर में कोई छिटपुट घटना भी नहीं हुई थी। वहां कभी धारा 144 भी नहीं लगाई गई थी।”

उन्होंने कहा, “आज के दौर में एक बार फिर विपक्षी एकता और धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने की जरूरत है। यह काम हम लोग मुलायम सिंह के नेतृत्व में करेंगे।”

लालू प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य है। यहां सपा ने विकास के काफी काम किए हैं। इसे देखते हुए 2017 में यहां सपा की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन जरूर बनेगा और उसी की जीत होगी।

राज्यसभा सदस्य तथा जनता दल (युनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव शरद यादव और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख चौधरी अजित सिंह ने भी महागठबंधन बनने के संकेत दिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493