सपा जला हुआ ट्रांसफार्मर : अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का भाग्य बदलने के लिए भाजपा को जिताना होगा।

अंबेडकर नगर में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित रैली में शाह ने मतदाताओं से कहा, “समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 15 साल में उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण को समाप्त कर दिया जाएगा।”

शाह ने अखिलेश व राहुल का गठबंधन दो राजनीतिक दलों का गठबंधन व दो भ्रष्टाचारी कुनबो का मिलन बताया और कहा कि ये भारतीय राजनीति के दो शहजादे हैं, जिनमें एक से मां परेशान है तथा दूसरे से पिता।

उन्होंने कहा, “आपने सपा और बसपा को मौका दिया। कांग्रेस को मौका दिया। अब एक मौका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दे दीजिए। उत्तर प्रदेश में जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण समाप्त कर देंगे।”

उन्होंने कहा कि बुआ-भतीजे ने उत्तर-प्रदेश को बर्बाद कर दिया है, इसलिए इन दोनों से निजात पाना होगा। उन्होंने उत्तर-प्रदेश की सपा सरकार को जला हुआ ट्रांसफार्मर बताते हुए कहा, “बिजली के लिए जैसे ट्रांसफार्मर बदलना जरूरी होता है वैसे ही विकास के लिए इस सरकार को बदलना होगा।”

भाजपा सरकार बनने पर राज्य के कत्लखाने बंद करने का ऐलान करते हुए शाह ने कहा कि वह प्रदेश में खून की नहीं, बल्कि दूध और घी की नदियां बहाना चाहते हैं।

शाह ने कहा, “उत्तर प्रदेश में जिस दिन भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, रात बारह बजे के पहले राज्य के सारे कत्लखाने बंद कर दिए जाएंगे। अब तक प्रदेश में गाय, भैंस और बैल के खून की नदियां बहाई गई। हम भी चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में नदियां बहें, लेकिन खून की नहीं, बल्कि दूध और घी की नदियां।”

सपा-कांग्रेस व बसपा पर एक साथ निशाना साधते हुए अमित शाह ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री से तीन साल का हिसाब मांगने पर चुटकी लेते हुए कहा, “उनके परनाना, नानी व पिता ने मिलकर इस देश पर लगभग 60 साल राज किया है। देश की जनता को वह 60 साल का हिसाब पहले दे। इसके बाद प्रधानमंत्री उन्हें तीन साल का हिसाब दे देंगे।”

उन्होंने कहा कि राहुल बाबा को विकास का हिसाब मांगते हुए शर्म करनी चाहिए। केंद्र सरकार को विकास वादी सरकार बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक 15 दिन में एक जनकल्याणकारी योजना की घोषणा कर रहे हैं।

उन्होंने स्थानीय लोगों की नब्ज पर हाथ रखते हुए कहा, “यह महाराजा सुहेलदेव की भूमि है। यहीं पर उन्होंने 26 राजाओं के सहयोग से महमूद सलारगाजी को पराजित किया था।”

उन्होंने कहा, “समाजवादी सरकार धर्म व जाति पूछ कर लैपटॉप व अन्य योजनाओं का लाभ देती है जबकि भाजपा की सरकार आने पर सभी धर्म व जाति के लोगों को उनकी योग्यता के अनुसार लाभ दिया जाएगा। गन्ना किसानों को तौल होते ही 14 दिन के अंतराल का चेक प्रदान किया जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493