सपा विवाद : राजद ने बताया पारिवारिक, जद (यू) ने कहा-भाजपा को फायदा होगा

पटना, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) में चल रहे आपसी विवाद को लेकर बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल दलों की अलग-अलग राय है। महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इस विवाद को जहां पारिवारिक बता रहा है, वहीं जनता दल (युनाइटेड) को लगता है कि इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा मिल जाएगा।

राजद के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने यहां सोमवार को सपा के विवाद को पारिवारिक विवाद बताया। सपा के प्रमुख मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदार तेजस्वी ने हालांकि यह भी दावा किया कि जल्द ही इस विवाद का समाधान भी हो जाएगा।

इधर, जद (यू) के वरिष्ठ नेता क़े सी़ त्यागी ने सपा नेताओं से विवाद को जल्द सुलझाने की आपील करते हुए कहा कि ऐसे विवादों से भाजपा को ही फायदा होगा। उन्होंने कहा, “समाजवादी दर्शन से किसी को भी ऐतराज नहीं है, लेकिन इसके टुकड़े होते गए और सभी मिलकर देश में नहीं चल पाए।”

उन्होंने मुलायम सिंह यादव का पक्ष लेते हुए कहा, “नेता जी इस पार्टी के पथ प्रदर्शक रहे हैं। उनकी छत्रछाया में ही पार्टी को संचालित होना है। उन्हें नाराज कर, उनकी उपेक्षा कर या उन्हें अलग कर कोई इस पार्टी को चलाना चाहेगा तो यह मुश्किल है।”

उल्लेखनीय है कि पिछले काफी दिनों से सपा में आंतरिक विवाद चल रहा है। पिछले दो दिनों से पार्टी का विवाद चरम पर पहुंच गया है। हालांकि पार्टी अध्यक्ष मुलायम अब विवाद सुलझाने की कोशिश में लगे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493