नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता इरफान खान का मानना है कि एक कलाकार की सफलता का मंत्र उसके स्वस्थ शरीर, आवाज और चिंतन में निहित होता है।
इरफान की आगामी फिल्म ‘जज्बा’ है, जिसमें ऐश्वर्य राय बच्चन मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म में इरफान एक निलंबित पुलिसकर्मी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित हो रही है।
फिल्म के प्रचार के दौरान एक साक्षात्कार में इरफान ने कहा, “शरीर, आवाज और विचार कलाकार के यंत्र हैं। अगर यह सही नहीं है तो कहीं न कहीं आपका काम प्रभावित होता है। ऐसे में आप कोई भी किरदार नहीं निभा सकते। मेरे फिट कहने का मतलब सिक्स पैक एब्स नहीं है। फिटनेस से मेरा मतलब स्वस्थ रहना है।”
अभिनेता अंर्तराष्ट्रीय फिल्म ‘इन्फर्नो’ में भी नजर आएंगे। यह फिल्म रॉन हावर्ड द्वारा निर्देशित है। इसमें हॉलीवुड अभिनेता टॉम हैंक्स मुख्य भूमिका में हैं।
उन्होंने कहा, “शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक फिटनेस भी जरूरी है। विचार, बुद्धि, आध्यात्मिकता, भाव भी कलाकारों के काम को प्रभावित करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath