मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। भारतीय डिजिटल एसेट्स एक्सचेंज कॉइनेक्स ने समकक्षों के बीच भरोसेमंद लेन-देन के लिए टोकन ट्रांजेक्शन नेटवर्क ‘लूप’ शुरू करने की घोषणा की है।
एक्सचेंज के अनुसार, ‘लूप’ एक पीयर-टू-पीयर (मित्रों और समकक्षों) के बीच भरोसेमंद लेन-देन का नेटवर्क है, जो जुलाई से उपलब्ध होगा।
एक्सचेंज की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भारत में पहली बार किसी एक्सचेंज ने पी-2-पी कारोबार नेटवर्क शुरू किया है। यहां तक कि वैश्विक स्तर पर भी बहुत कम एक्सचेंज के पास इस तरह का नेटवर्क है। इसमें कारोबारियों को बाजार में मौजूदा अनिश्चितताओं के बीच अपने टोकन का कारोबार वैध तरीके से जारी रखने की अनुमति होगी।
कॉइनेक्स के सह संस्थापक और सीईओ राहुल राज ने कहा, “डिजिटल परिसंपत्ति का आर्थिक और प्रौद्योगिकी दोनों स्तर पर काफी महत्व है, लेकिन कानून पक्ष में नहीं होने के कारण इसमें निवेश करने में खतरा बना रहता है। लूप में पूर्ण रूपेण यह सुनिश्चित किया गया है कि भारतीय निवेशकों द्वारा किए जाने वाले वैध और सत्यापित निवेश मृतप्राय परिसंपत्ति में तब्दील न हो। इस कठिन दौर में जब संपूर्ण उद्योग के लिए कानून बनाने के प्रयास जारी हैं कॉइनेक्स ने लूप जारी कर उद्योग को जिंदा रखने के लिए वन-स्टॉप समाधान पेश किया है।”
कॉइनेक्स के सह संस्थापक और सीबीओ आदित्य नाईक ने कहा, “लूप ईमानदार निवेशकों और कारोबारियों को डिजिटल एसेट एक्सचेंज के लिए घोटालेबाजों और फर्जी योजनाओं से सुरक्षा प्रदान करता है।”
dharmpath.com dharmpath