समस्याओं का समाधान विकासवाद : मोदी

बांका (बिहार), 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां शुक्रवार को कहा कि सभी समस्याओं का समाधान विकासवाद में है। उन्होंने लोगों से इस विधानसभा चुनाव में विकासवाद को चुनने की अपील की।

बांका में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “बिहार ने अब तक सामंतवाद देख लिया, पूंजीवाद, अहंकारवाद देख लिया है, अलगाववाद और वंशवाद भी झेल चुका है। सभी प्रकार के प्रयोग कर लिए गए हैं। अब समय आ गया है जब आप विकासवाद को चुनिए।”

उन्होंने कहा कि बिहार में काफी संभावनाएं हैं, लेकिन अब तक की सरकारों ने गरीबी के नाम पर केवल पैंतरे किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सारी योजनाएं गरीबों के लिए है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में अब जरूरत ऐसी सरकार की है जो बेरोजगारों को रोजगार दे सके, किसानों के कल्याण के लिए विकासशील नीतियां बनाई जाएं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव में विकास के मुद्दे को लेकर आपके बीच आई है।

याचक बनते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत को आगे बढ़ाने के लिए बिहार को आगे बढ़ाना होगा। आज मैं बिहार की जनता के पास कुछ मांगने आया हूं। आप एकबार विकासवाद को वोट दीजिए।”

बिहार को मिले विशेष पैकेज का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की शक्ल और सूरत बदलने के लिए केंद्र सरकार ने तिजोरी खोल दी है। बिहार को 1़ 25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया है। यह कोई एहसान नहीं है, बल्कि इस पर आपका हक है, जो अब तक की सरकारों ने आपको नहीं दिया था।

इस मौके पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493