सम-विषम योजना : उल्लंघन करने वालों को दिए गए गुलाब

नई दिल्ली, 1 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में शुक्रवार से लागू हुए सम-विषम योजना के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को गुलाब की पेशकश की गई और साथ ही प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बारे में भी समझाया गया।

नोएडा के पास चौराहा पर यातायात काफी व्यस्त नजर आया, जहां आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता प्रत्येक वाहन पर नजर रखने में दिल्ली पुलिस कर्मियों की मदद कर रहे थे।

दिल्ली-नोएडा सीमा पर सुबह पुलिस ने कोई नाकेबंदी नहीं की और आप के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर सहज यातायात को बनाए रखने की पूरी कोशिश की। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने कई सम अंक वाले वाहनों को रोका और उन्हें गुलाब दिया।

इस बीच, कार्यकर्ताओं ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को दिल्ली सरकार की सम-विषम योजना का पालन करने और उनसे वापस जाने के लिए कहा।

पूर्वी दिल्ली की गीता कॉलोनी से एक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक शिव कुमार शर्मा ने कहा, “हम सुबह सात बजे से यहां हैं और लोगों को सम-विषम योजना के बारे में समझा रहे हैं। अब तक नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 से अधिक लोगों को हम वापस भेज चुके हैं।”

एक मोटरसाइकिल चालक दिनेश सहगल ने कहा, “यह बहुत अच्छी पहल है और यातायात के स्तर में भी कमी आई है।”

वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को कम करने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की गई निजी वाहनों के लिए सम-विषम योजना एक जनवरी (शुक्रवार) से शुरू हो गई है, जो 15 जनवरी तक चलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493