नई दिल्ली , 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने बुधवार को दिल्ली के सभी सरकारी विभागों और तीनों नगर निगमों को साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया, जिससे वेक्टर जनित बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उप राज्यपाल ने यह निर्देश डेंगू और चिकनगुनिया के प्रकोप को लेकर हुई एक समीक्षा बैठक के दौरान दिया। इसमें सरकारी विभागों, राजधानी के तीनों नगर निगमों और अन्य संबद्ध अधिकारी मौजूद थे।
बैठक के बाद, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने संवाददाताओं से कहा कि जंग ने सभी विभागों को साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया है।
जैन ने कहा उन्होंने जंग को बताया कि हाल की बारिश के बाद मच्छरों के बढ़ने की आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने कहा, “उप राज्यपाल ने नगर निगमों को सफाई पर ज्यादा ध्यान देने को कहा और मच्छरों के रोकथाम की प्राथमिक जिम्मेदारी दी।”
जैन ने कहा कि अस्पतालों में वेक्टर जनित बीमारी से पीड़ित लोगों की संख्या में कमी आई है।
उन्होंने कहा, “लेकिन, मंगलवार की बारिश के बाद हमें ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। “
यह पूछे जाने पर क्या मरीजों की संख्या कम होने की वजह से सरकारी बुखार क्लीनिक बंद किए जाने का विचार है, इस पर जैन ने कहा, “वे कार्य करते रहेंगे, हमें अभी इनकी जरूरत है।”
इस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, सचिव (स्वास्थ्य) सी. के. मिश्रा और दूसरे अधिकारियों ने भाग लिया।
एनडीएमसी अध्यक्ष नरेश कुमार, शहर के तीनों नगर निगम आयुक्तों, दिल्ली छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक और उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक भी बैठक में मौजूद थे।
बैठक सर्वोच्च न्यायालय के मंगलवार को दिए गए निर्देश के मद्देनदर उप राज्यपाल द्वारा बुलाई गई थी। न्यायालय ने उप राज्यपाल और दिल्ली के मुख्यमंत्री को साथ मिलकर डेंगू और चिकनगुनिया के प्रसार को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में काम करने के लिए कहा था।
dharmpath.com dharmpath