सरकार ने पूर्वोत्तर के युवाओं के लिए कई कदम उठाए : जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। केन्द्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए कई नए कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं जबकि कई अन्य कदम उठाए जाने बाकी हैं। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने यह बात भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से आयोजित एक सत्र में कही।

डॉ. सिंह ने गुरुवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय युवा स्टार्टअप्स के लिए ‘उद्यम कोष’ लेकर आया है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स और जिम्नास्टिक्स में पूर्वोत्तर क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा को देखते हुए मणिपुर में जल्द ही एक अत्याधुनिक खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी जिसके लिए जमीन का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है।

जितेन्द्र सिंह ने दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिए लोक सेवा परीक्षा की तैयारी हेतु उपग्रह और दूरस्थ-शिक्षा के माध्यम से कोचिंग क्लास आयोजित कराने का विचार प्रस्तुत किया।

पिछले तीन वर्षों में संपर्क और परिवहन के साधनों में हुए सुधार का उल्लेख करते हुए जितेन्द्र सिंह ने कहा कि कारोबारी घरानों, साथ ही साथ निवेशकों ने पूर्वोत्तर में दिलचस्पी दिखानी शुरू कर दी है जिससे अंतत: रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493