विशाखापत्तनम, 10 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार एकनिष्ठ होकर आर्थिक सुधार जारी रखेगी।
यहां सीआईआई साझेदारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा सरकार सुधार जारी रखेगी, जिससे वह पिछले कुछ महीनों में बरकरार नहीं रख पाई थी।
मंत्री ने कहा, “पिछले कुछ महीने में हम जिन सुधारों से चूक गए, उसे एकनिष्ठ होकर अंजाम दिया जाएगा। हम दिशा से भटक नहीं सकते और आज की परिस्थिति में हर राज्य को सहयोग करना होगा।”
उन्होंने कहा कि इस समय वैश्विक अर्थव्यवस्था चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही है और इसका प्रभाव हमारी अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है।
उन्होंने विश्व बैंक द्वारा वैश्विक विकास दर के अनुमान को घटाकर 2.9 फीसदी किए जाने का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, “हमारी कई प्रतियोगी अर्थव्यवस्थाएं गंभीर चुनौतियों से गुजर रही हैं। आज की एक-दूसरे से परस्पर जुड़ी हुई अर्थव्यवस्था में ऐसी अनेक चुनौतियों का प्रभाव एक-दूसरे पर भी पड़ता है। इसके कारण चीन में जो हो रहा है और तेल मूल्य में जो हो रहा है, उसका प्रभाव हमारे बाजार पर भी पड़ता है। जब मूल्यों में कमी आती है, तो इससे हमारी आय भी प्रभावित होती है।”
उन्होंने हालांकि कहा कि कठिन दौर में भी भारतीय अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन अच्छा रहा है।
उन्होंने कहा, “भारत दुनिया की सबसे तेज विकास दर वाली अर्थव्यवस्था बनी हुई है। इसलिए 7-7.5 फीसदी की हमारी विकास दर की वजह से हम दुनिया में एक आकर्षक देश बने हुए हैं।”
आंध्र प्रदेश द्वारा किए जा रहे सुधारों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की विकास दर दहाई अंकों में दर्ज की जा रही है और यह राज्य विकास का इंजन बन सकता है।
dharmpath.com dharmpath