नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। सरोकारी पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतरीन समाचार रिपोर्टो के लिए संयुक्त रूप से प्रथम एस्टर मीडिया पुरस्कार दो पत्रकारों को दिया जाएगा। इन पुरस्कारों की घोषणा गुरुवार को हुई।
हिन्दुस्तान टाइम्स (एचटी) के सहायक संपादक मनोज शर्मा और बिजनेस टुडे की वरिष्ठ सहायक संपादक सारिका मल्होत्रा हेल्थकेयर चैरिटी डीएम फाउंडेशन के द्वारा स्थापित भारतीय पत्रकारिता में सबसे बड़े पुरस्कारों में से एक एस्टर मीडिया पुरस्कार के तहत 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार के संयुक्त विजेता हैं। इनकी रिपोर्टों का जनता में जागरूकता पैदा करने और सामाजिक रूप से प्रासंगिक मुद्दों पर कार्रवाई शुरू करने में महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है।
आशीष शर्मा और असद अली को पत्रकारिता में उत्कृष्टता और एचटी ब्रंच पत्रिका में प्रकाशित एक न्यूज स्टोरी के लिए गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिग के लिए विशेष उल्लेख किया गया है।
फाउंडेशन स्वास्थ्य उद्यमी और समाजसेवी डॉ. आजाद मूपेन की एक धर्मार्थ परियोजना है जो दुबई स्थित एस्टर डीएम हेल्थकेयर के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हैं। यह फाउंडेशन दुनिया भर के गरीब और वंचित पृष्ठभूमि के लोगों के लिए काम करता है। इसने भारत और खाड़ी देशों में मीडिया के वैसे लोगों को हर साल सम्मानित करने का फैसला किया है जिनके काम से समाज पर स्पष्ट रूप से सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो।
इस साल के विजेताओं का चयन भारत के राष्ट्रपति के प्रेस सचिव, राजनयिक और विद्वान वेणु राजामणि की अध्यक्षता में ज्यूरी के द्वारा किया गया।
मनोज शर्मा को यह पुरस्कार फुटपाथ पर पलने-बढ़ने वाले बच्चों में उम्मीद पैदा करने वाली ‘युवकों में क्षमता निर्माण के दीर्घकालिक प्रभाव’ विषय पर आधारित समाचार रिपोर्ट के लिए प्रदान करने का फैसला किया गया।
सारिका मल्होत्रा को भारत में बाल श्रम को लेकर व्यापक जन जागरूकता पैदा करने वाली उनकी व्यापक शोध रिपोर्ट के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
हिंदुस्तान टाइम्स में एसोसिएट एडीटर आशीष शर्मा, और कैच न्यूज के लिए वर्तमान में काम करने वाले असद अली को उत्तर प्रदेश से दो महिला निशानेबाजों पर उनकीे समाचार रिपोर्ट के लिए दिया जाएगा।
ज्यूरी के अनुसार इस रिपोर्ट में शिक्षा एवं महिला सशक्तीकरण जैसे दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया है। पुरस्कार इस साल नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
एस्टर मीडिया पुरस्कार दो अन्य श्रेणियों में भी पत्रकारिता में उत्कृष्टता की पहचान करता है। इनमें अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टिग, विशेष रूप से जीसीसी देशों में रिपोर्टिग, और केरल में क्षेत्रीय रिपोर्टिग शामिल हैं। इसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी।
डॉ. आजाद मूपेन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ये पुरस्कार समाज के विकास और जीविका पर रोशनी डालने के लिए अधिक पत्रकारों को प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने कहा, “हमें एस्टर मीडिया पुरस्कार को शुरू कर उम्मीद है कि अब अधिक से अधिक पत्रकार रिपोर्टिंग के वैसे क्षेत्रों में काम करेंगे जिनकी मदद से सामाजिक प्रभाव पैदा हो सकेंगे तथा सामाजिक- आर्थिक परिवर्तन लाने में मददगार साबित हो सकने वाली कारगर सूचना उपलब्ध हो सकेगी तथा मुद्दों को रेखांकित करने में मदद मिलेगी।”
जूरी के अध्यक्ष वेणु राजामणि ने कहा, “मल्होत्रा की स्टोरी बाल श्रम के बारे में जागरूकता पैदा करती है, वहीं शर्मा की स्टोरी स्कूली बच्चों के सशक्तिकरण के बारे में है जो हम सभी को प्रेरित करती है। मुख्य धारा की मीडिया के द्वारा इस तरह के महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते देखना हमें प्रोत्साहित करती है।”
dharmpath.com dharmpath