मुंबई, 2 अगस्त (आईएएनएस)। विक्रम भट्ट निर्देशित भुतहा फिल्म ‘हान्टेड’ से सुर्खियों में आईं अभिनेत्री टिया बाजपेयी ने होठों की सर्जरी कराने की अफवाहों का खंडन करते हुए कहा है कि उन्हें कॉस्मेटिक सर्जरी में यकीन नहीं है।
टिया ज्वेलरी ब्रांड का प्रचार करने के लिए एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। इस दौरान एक पत्रकार द्वारा होठों को लेकर सवाल करने पर वह चौंक गईं और कहा, “मैंने लिपस्टिक लगाई है।”
बाद में उन्होंने कहा, “मैं होठों की सर्जरी कराने में यकीन नहीं रखती। मैंने धूप का चश्मा भी सिर्फ इसलिए लगा रखा है, क्योंकि मैं नहीं चाहती कि आपमें से किसी को आंखों का संक्रमण हो..अगर मैं किसी चीज की सर्जरी कराऊंगी, तो वह यह (नाक) होगी। इसलिए जब मैंने इसी की सर्जरी नहीं कराई है, तो होठों की तो भूल ही जाइए। ऐसा कभी नहीं होने वाला।”
टिया आगे हास्य फिल्म ‘बांके की क्रेजी बारात’ में नजर आएंगी, जिसमें वह एक परेशान दुल्हन की भूमिका में हैं। इसमें राजपाल यादव, विजय राज, संजय मिश्रा एवं अन्य भी हैं।
dharmpath.com dharmpath