गाजियाबाद, 26 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय बजट, 2016 में सोने व हीरे के जेवरात पर उत्पाद शुल्क लगाए जाने के विरोध स्वरूप उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हजारों की तादाद में सर्राफा व्यवसायियों ने गाजियाबाद जंक्शन पर एक रेलगाड़ी को रोक दिया।
ज्वेलरी ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव रवि वर्मा ने कहा कि व्यवसायी अलीगढ़ जाने वाली ईएमयू रेलगाड़ी के आगे लेट गए, जिसके कारण रेलगाड़ी स्टेशन पर ही खड़ी रही।
उन्होंने अपना यह प्रदर्शन तभी खत्म किया, जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें इस बात से आश्वस्त किया कि वे उनके विरोध को सरकार तक पहुंचाएंगे।
रवि वर्मा ने कहा कि सरकार ने बजट में एक फीसदी उत्पाद कर लगाया है, जिसका बाजार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
जब बाजार मंदी से जूझ रहा है, ऐसे में किसी भी तरह का कर लगाने से बाजार पर उलटा असर पड़ेगा। पूरे देश में व्यापारियों की हड़ताल का यह 26वां दिन है।
वर्मा ने कहा कि सरकार ने न केवल अवांछित कर लगाए हैं, बल्कि दो लाख रुपये से अधिक के जेवर खरीदने पर पैन नंबर देना भी अनिवार्य कर दिया है। इसका ज्वेलरी बाजार पर और प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
dharmpath.com dharmpath