सलमान और रहमान ने भारतीय ओलम्पिक दल की दीं शुभकामनाएं (लीड-1)

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड दिग्गज सलमान खान और ए. आर. रहमान ने सोमवार को रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने जा रहे खिलाड़ियों का सम्मान किया और उन्हें अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

सलमान और रहमान रियो में भारत के सद्भावना दूत नियुक्त किए गए हैं।

सद्भावना दूत के तौर पर क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर और दिग्गज निशानेबाज अभिनव बिंद्रा का भी चयन किया गया है, लेकिन वे सम्मान समारोह में हिस्सा नहीं ले सके।

सलमान ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “आप अपना सर्वश्रेष्ठ दें। बहुत सारी दुआएं आपके साथ हैं। आप वहां जाकर अच्छा खेलें और बाकी ऊपर वाले पर छोड़ दें।”

सलमान ने खिलाड़ियों से कहा, “आप जितनी देर से वापस लौट सकते हो उतनी देर से वापस लौटें।”

ऑस्कर पुरस्कार विजेता संगीतकार रहमान ने भी खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

रहमान ने कहा, “खेल और संगीत लोगों को जोड़ते हैं। भारत के लिए एक होने का और अपना दम दिखाने का यह सही समय है। हम सबसे युवा राष्ट्र हैं। भारत में ज्यादा से ज्यादा युवा खेल को अपना करियर बना रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “याद रखिए इस दुनिया में नामुमकिन कुछ भी नहीं है, अगर आप अपना दिमाग और ऊर्जा लगाते हैं तो आप सब कुछ हासिल कर सकते हैं। सबसे अहम बात है निरंतरता और कभी न हार मानना।”

रहमान ने कहा, “एक समय भारत के लिए ग्रैमी और ऑस्कर नामुमकिन लगते थे, लेकिन समय आया और हमने यह अवॉर्ड हासिल किए। भगवान और देशवासियों के आर्शिवाद से दुनिया को हमारी ताकत दिखाएं।”

रहमान ने रियो जा रहे 100 से अधिक एथलीटों के सम्मान में अपने लोकप्रिय गीत ‘जय हो..’ और ‘कोई हमसे जीत न पावे चले चलो..’ भी गाए। रियो ओलम्पिक का आयोजन पांच से 21 अगस्त तक चलेगा।

भारतीय ओलम्पिक संघ द्वारा आयोजित इस समारोह में रियो जाने वाले सभी खिलाड़ी और कई पूर्व ओलम्पियन शामिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493