सलमान को बड़ी राहत, सजा स्थगित (लीड-2)

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। बंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को फिल्म अभिनेता सलमान खान की पांच साल कारावास की सजा स्थगित कर दी। इसके साथ ही सलमान के लिए नियमित जमानत का आवेदन करने का रास्ता साफ हो गया है।

विशेष लोक अभियोजक प्रदीप घरात ने कहा कि बंबई उच्च न्यायालय ने सलमान खान को मुंबई सत्र न्यायालय में तीन लाख रुपये का एक ताजा जमानत मुचलका भरने का निर्देश दिया।

घरात ने संवाददाताओं से कहा कि दो दिन पहले उच्च न्यायालय ने अभिनेता को अंतरिम जमानत दी थी, जिसे आगे बढ़ाया गया है। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अपील के लंबित रहने तक उन्हें हिरासत में नहीं लिया जाएगा।

सलमान को राहत प्रदान करते हुए न्यायाधीश ए.एम.थिपसे ने सलमान को पासपोर्ट जमा करने और विदेश यात्रा करने से पहले न्यायालय से मंजूरी लेने को कहा।

जमानत पर विचार करते हुए न्यायाधीश थिपसे ने पाया कि अगर सलमान को जमानत दी जाती है, तो उनके फरार होने की संभावना नहीं है।

उच्च न्यायालय के समक्ष लगभग दो घंटे तक चली दलीलों में वकील अमित देसाई के नेतृत्व में सलमान के वकीलों ने कहा कि अभियोजन पक्ष गायक कमाल खान को गवाह के तौर पर पेश करने में विफल रहा और बचाव पक्ष को सलमान खान के सुरक्षाकर्मी रवींद्र पाटिल से जिरह करने का मौका नहीं मिला तथा दुर्घटना टोयोटा लैंड क्रूजर कार की टायर फटने से हुआ था।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डी.डब्ल्यू देशपांडे ने सलमान खान को सभी आरोपों में दोषी पाया था और उन्हें पांच साल जेल की सजा सुनाई थी तथा उनपर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।

सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में गुरुवार सुबह से ही बॉलीवुड हस्तियों का जमावड़ा लगा रहा।

अपने जमाने की दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान भी सलमान के घर पर देखी गईं। अन्य हस्तियों में आमिर खान, ऋतिक रोशन, अमृता अरोड़ा, गोविंदा व संजय कपूर शामिल थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493