नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान बुधवार को यहां अपने ससुर रमेश चन्द्र छिब्बर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
अभिनेता के करीबी एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कर्नल रमेश चन्द्र छिब्बर ने मंगलवार रात अंतिम सांस ली। खबर सुनने के बाद शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान के साथ मुंबई से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे।”
शाहरुख और गौरी दोनों अंतिम संस्कार में शामिल हुए। दोनों काफी दुखी लग रहे थे। गौरी अपनी मां के साथ मजबूती से खड़ी थीं। शाहरुख और गौरी के साथ उनके करीबी दोस्त और निर्माता-निर्देशक करण जौहर भी दिल्ली पहुंचे।
करण ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा, “मौत जीवन की याद दिलाती है।”
बताया गया है कि दुख की इस घड़ी में अपने परिवार के साथ रहने के लिए शाहरुख ने अपने एक नए प्रोजेक्ट को फिलहाल टाल दिया है।
dharmpath.com dharmpath