नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। ऑनलाइन विश्वकोष संस्था सहपीडिया द्वारा शुरू की गई सांस्कृतिक मानचित्रण परियोजना ने सोशल मीडिया फॉर एम्पावरमेंट अवार्ड-2017 जीता है। उसे यह पुरस्कार यहां पिछले शनिवार को आयोजित एक समारोह में प्रदान किया गया।
सहपीडिया की परियोजना समन्वयक (आउटरीच) लक्ष्मी वेंकटेश ने कहा, “यह पुरस्कार सहपीडिया की ऑनलाइन उपस्थिति को एक मान्यता है। वैसे किसी संगठन के लिए जो अपनी अधिकांश सामग्री को ऑनलाइन उपलब्ध कराते हैं, यह पुरस्कार एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, विशेष कर उस स्थिति में जब हम केवल विरासत और संस्कृति क्षेत्र में काम कर रहे संगठन हैं।”
यह पुरस्कार नई दिल्ली स्थित डिजिटल एम्पावरमेंट फाउंडेशन (डीईएफ) द्वारा प्रदान किया जाता है और यह इस पुरस्कार का चौथा संस्करण था।
यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, सांस्कृतिक मानचित्रण परियोजना ने एक जियो-टैग किए गए इंटरेक्टिव मानचित्र के माध्यम से केरल के फोर्ट कोच्चि और मटानचेरी द्वीप शहरों में सांस्कृतिक महत्व के 150 स्थलों का दस्तावेजीकरण किया है।
सहपीडिया की परियोजना निदेशक नेहा पालीवाल ने कहा कि यह नक्शा सिर्फ बाहर से आने वाले आगंतुकों के लिए नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी है, जो भावी पीढ़ियों के लिए अपने शहर के अनुभवों और दृष्टिकोणों को रिकॉर्ड करना चाहते हैं।
बयान के अनुसार, नक्शे में शामिल 150 स्थलों को आगे भी सांस्कृतिक केंद्रों, पूजा स्थलों, जीवन शैली, सार्वजनिक स्थानों, सार्वजनिक संस्थानों और विरासत साइटों जैसी श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
बयान के अनुसार, संचार, एडवोकेसी और डेवलपमेंट एक्टिविज्म श्रेणी के तहत सम्मानित सहपीडिया परियोजना ने दो अन्य संगठनों के साथ इस सम्मान को साझा किया। आठ श्रेणियों वाले एसएम4ई पुरस्कार में कुल 16 विजेता हैं। इन विजेताओं का चयन एक जूरी पैनल द्वारा किया गया, जिसमें निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों, उद्योगों और शिक्षा जगत के प्रसिद्ध विशेषज्ञ शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath