लागोस, 20 मार्च (आईएएनएस)। नाइजीरिया के केंद्रीय उत्तर बेनुए राज्य के अगातु समुदाय के बीच सांप्रदायिक हिंसा को खत्म करने के लिए सैनिकों को तैनात किया जाएगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, राज्य के ओटूक्पो इलाके के पास सेना के एक ठिकाने पर सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल तुकुर बुरातई ने अपनी यात्रा के दौरान यह बात कही।
सेना प्रमुख ने कहा कि अभियान के लिए सभी तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने सांप्रदायिक हिंसा पर काबू पाने की उम्मीद जताई।
अगातु में चरवाहों और किसानों के बीच संघर्ष में कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई परिवार विस्थापित हो गए हैं।
उन्होंने कहा, “यह संकट दुर्भाग्यपूर्ण है। किसानों और चरवाहों की लड़ाई को ऐसे ही छोड़ा नहीं जा सकता। मैंने कमांडर से उन आपराधिक तत्वों के बारे में सुना है, जो पशुओं की चोरी में शामिल हैं।”
उन्होंने कहा, “हम सैनिकों की तैनाती कर रहे हैं। हम संदिग्ध इलाकों और अपराधियों के छिपने के संभावित इलाकों में सैनिकों की तैनाती कर रहे हैं।”
बुरातई ने कहा कि सैनिकों कि तैनाती यह सुनिश्चित करने के लिए की जाएगी कि दोबारा संघर्ष न हो और लोग अपनी बस्तियों में लौट सकें।
dharmpath.com dharmpath