सांसदों ने सम-विषम योजना का उल्लंघन किया

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। कुछ भुलक्कड़ सांसदों ने जहां सोमवार को दिल्ली में यातायात प्रतिबंध योजना का उल्लंघन किया, वहीं कुछ सांसद कार साझा कर संसद भवन पहुंचे। एक सांसद साइकिल से तो दूसरे पैदल ही संसद भवन पहुंचे।

इस मुद्दे पर लोकसभा में हंगामा हुआ। सासदों ने दिल्ली की सम-विषम यातायात योजना पर हमला किया, जबकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी आलोचना का शिकार होना पड़ा। हंगामे के चलते लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदन की कार्यवाही भोजनकाल तक स्थगित कर दी।

बालीवुड सितारे परेश रावल, भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश राज्य भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा सांसद चौधरी बाबूलाल, उदित राज, बी.सी. खंडूरी और प्रहलाद पटेल नियम के उल्लंघन करने वालों में शामिल थे।

रावल जब सम पंजीकरण संख्या वाली अपनी निजी कार से संसद भवन पहुंचे तो संवाददाताओं ने उनसे इसे लेकर सवाल पूछ दिया। तब उन्हें अपनी गलती महसूस हुई।

रावल ने कहा, “यार गलती हो गई।”

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार विषम नंबर प्लेट वाले वाहनों का दिन था। केवल विषम नंबर के वाहनों को सड़क पर चलने की इजाजत थी।

बाद में रावल ने अरविंद केजरीवाल से भी माफी मांगी और कहा कि यह उनकी भयंकर भूल थी।

रावल ने ट्वीट कर कहा, “अरविंद जी और दिल्लीवासी क्षमा करें।”

उत्तर प्रदेश राज्य भाजपा के हाल ही में अध्यक्ष नियुक्त किए गए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “मेरे पास एक ही कार है। मंगलवार से नियम का ख्याल रखूंगा।”

हालांकि सम नंबर प्लेट की कार रखने वाले कुछ सांसद कार साझा कर या अन्य माध्यमों से संसद भवन पहुंचे।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य अनिल दवे साइकिल से संसद भवन पहुंचे, जबकि आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान साथी सांसदों से कार साझा कर संसद भवन आए।

अखिल भारतीय मजलिश-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता सांसद असदुद्दीन ओवैसी पैदल ही संसद भवन पहुंचे और बाद में उन्होंने सदन में इस योजना पर सवाल उठाया।

ओवैसी ने संवाददाताओं से कहा, “हम दिल्ली के नहीं हैं और संसद सत्र में भाग लेने यहां आए हैं। इसलिए उन्हें इस पर विचार करना चाहिए। हालांकि उन्होंने बस जैसी कुछ व्यवस्था करने का दावा किया था, लेकिन मुझको कुछ भी नहीं मिला।”

दिल्ली सरकार ने सांसदों को संसद भवन ले जाने के लिए डीटीसी बसों की सेवा की घोषणा की थी, लेकिन इसमें चढ़ने वाले बहुत कम सांसद थे।

सम-विषम योजना के घोर आलोचक रहे सांसद पप्पू यादव ने इस मुद्दे को शून्य काल में लोकसभा में उठाया।

उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीएनजी कंपनी और कार सेवा प्रदाताओं को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493