नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। मुक्केबाजों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लक्ष्य के साथ भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने बुधवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ अंतर्राष्ट्रीय अकादमी खोलने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
ये अकादमियां आठ क्षेत्रिय केंद्रों में खोली जाएगी।
यह समझौता खेल सचिव और साई के निदेशक इंजेती श्रीनिवास की मौजूदगी में हुआ।
इस समझौते के दौरान अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ (एआईबीए) के अध्यक्ष चिंग कु वु, बीएफआई के अध्यक्ष अजय सिंह और साई के विशेष परियोजना निदेशक रोक्यू दास मौजूद थे।
समझौते के मुताबिक बीएफआई अकादमी के प्रतिदिन का कामकाज देखेगी, जबकि साई सुविधाओं का ध्यान रखेगी। एआईबीए ने अकादमी के लिए अपना पूरा समर्थन देने का वादा किया है।
इससे पहले एक संवाददाता सम्मेलन में अजय ने कहा कि देश में फ्रेंचाइजी प्रारूप में इंडियन मुक्केबाजी लीग (आईबीएल) की शुरुआत की जाएगी। अजय के मुताबिक योजना लीग को इसी साल शुरू करने की है, लेकिन अभी लीग कार्यक्रम का ऐलान नहीं किया गया है।
अजय ने साथ ही बताया कि भारत टोक्यो ओलम्पिक-2020 की तैयारी के लिए हर साल एक बड़ा टूर्नामेंट आयोजित कराएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि बीएफआई इसी साल नवंबर में यूथ महिला विश्व चैम्पियनशिप का आयोजन भी किया जाएगा।
अजय ने एआईबीए के 71वें सम्मेलन के बाद कहा, “हम खुद का घरेलू मुक्केबाजी लीग शुरू करने जा रहे हैं। यह हमारे मुक्केबाजों को नए अवसर प्रदान करेगा, साथ ही आर्थिक रूप से भी मददगार होगा।”
उन्होंने कहा, “महिला यूथ विश्व चैम्पियनशिप भारतीय महिला मुक्केबाजों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करना बहुत बड़ा अवसर प्रदान करेगा। इसके अलावा टोक्यो ओलम्पिक-2020 के लिए तैयारी करने में भी मददगार होगा।”
भारत में पहली बार एआईबीए वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुक्केबाजी के भविष्य को लेकर चर्चा हुई।
dharmpath.com dharmpath