साई शिविर में प्रशिक्षण के दौरान युवा बैडमिंटन खिलाड़ी की मौत

कोलकाता, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के शिविर में प्रशिक्षण के दौरान एक 18 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

निहारेंदु मल्लिक अभ्यास के दौरान अचानक बेहोश हो गए और उसके बाद उनकी मौत हो गई। उनके शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। निहारेंदु के कोच एम. एम. सामंत्रे ने यह जानकारी दी।

साई के शिविर में शनिवार को निहारेंदु तीन अन्य खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण ले रहे थे कि अचानक वह बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐसा कहा जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने और दिमाग में खून की गति रुकने के कारण उनकी मौत हुई।

यह भी कहा जा रहा है कि निहारेंदु खाली पेट प्रशिक्षण कर रहे थे। वह बाराकपोरे के निवासी थे और गरीब परिवार से थे।

साई के क्षेत्रीय निदेशक मनमीत सिंह गोइंदी ने आईएएनएस से कहा, “साई में ऐसी घटना हमारे लिए काफी दुख की बात है।”

निहारेंदु साई के भुगतान करो और खेलो (पे एंड प्ले) योजना का हिस्सा थे और वह बैडमिंटन टीम में आने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे।

गोइंदी ने कहा, “निहारेंदु के पिता हाल ही में रेलवे से सेवानिवृत्त हुए हैं। निहारेंदु अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। मैं अपने दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकता।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493