साक्षी महराज, सलमान खुर्शीद, अनु टंडन ने वोट डाला, किया जीत का दावा

लखनऊ, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के चुनाव में उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद साक्षी महराज, कांग्रेस प्रत्याशी अनु टंडन और फरूखाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद ने वोट डाल दिया है। इसी के साथ सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।

भाजपा सांसद साक्षी महराज ने कहा, “सारा देश प्रखर राष्ट्रवाद पर अपना मतदान कर रहा है। हमारी पार्टी का उद्देश्य सबका साथ सबका विकास है और हम उसी आधार पर चल रहे हैं। किसी का तुष्टीकरण नहीं। सबको न्याय मिले। विरोधी दलों के पास मोदी के विकास के आगे कुछ नहीं है। महागठबंधन जनता के बीच में ठगबंधन साबित हो गया है। सभी की जमानत जब्त हो जाएगी। एक बार फिर यहां से भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी।”

कांग्रेस प्रत्याशी अनु टंडन ने कहा, “यहां कई प्रकार के मुद्दे हैं। बिजली, पानी, स्वास्थ्य और बच्चों के रोजगार का मुद्दा अहम है। यहां मेरा परिवार है। लोग इसी नाते मेरे पास आते हैं। उन्नाव मेरा घर होने के नाते सारे बाहरी लोग इस बार हार जाएंगे। जनता एक बार फिर कांग्रेस पर भरोसा करेगी।”

वहीं, फरुखाबाद से कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने भी अपने निर्वाचन क्षेत्र में वोट डाला।

इस दौरान उन्होंने कहा, “इस बार के चुनाव में लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच है। मैं सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर रहा हूं। (कांग्रेस अध्यक्ष) राहुल गांधी और (महासचिव) प्रियंका गांधी ने अच्छे-अच्छे लोगों की हवा निकाल दी है।”

खुर्शीद के खिलाफ बसपा के मनोज अग्रवाल और भाजपा के मुकेश राजपूत चुनाव मैदान में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493