सागर:सड़क हादसे में बीडीएस के चार जवान शहीद और एक घायल

सागर-मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दुर्घटना में बम एंड डॉग स्क्वॉड (BDS) के चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मालथौन और बांदरी के बीच सुबह करीब चार बजे हुआ। इस दौरान ये जवान अपनी ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बम एंड डॉग स्क्वॉड की यह टीम बालाघाट में सुरक्षा जांच की ड्यूटी पर तैनात थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद टीम शासकीय वाहन से मुरैना लौट रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर उनका वाहन सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में जिन जवानों की मौत हुई उनमें प्रधुमन दीक्षित (निवासी मुरैना), अमन कौरव (निवासी मुरैना), वाहन चालक परमलाल तोमर (निवासी मुरैना) और डॉग मास्टर विनोद शर्मा (निवासी भिंड) शामिल हैं। सभी चारों जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस दुर्घटना में मुरैना निवासी एक जवान आरक्षक राजीव चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। राहत की बात यह है कि हादसे के दौरान टीम के साथ मौजूद डॉग पूरी तरह सुरक्षित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493