सागर के मान सिंह पटेल गुमशुदगी मामले में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर FIR दर्ज

सागर जिला निवासी मान सिंह पटेल साल 2016 में लापता हो गए थे। आरोप है कि उनकी जमीन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने हड़पी और उन्हें गायब कर दिया।
सागर-मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। सागर के बहुचर्चित मान सिंह पटेल गुमशुदगी मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित SIT ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध FIR दर्ज की है। FIR में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के नाम का भी जिक्र है।

बताया जा रहा है कि SIT द्वारा यह केस 23 अगस्त 2024 को ही दर्ज किया गया था। हालांकि, इसकी जानकारी अब सामने आई है। भोपाल देहात के आईजी अभय सिंह को इस तीन सदस्यीय SIT का हेड और सीहोर एसपी मयंक अवस्थी और पीएचक्यू में पदस्थ अनुराग सुजानिया को सदस्य बनाया गया है।

दरअसल, सागर के ओबीसी नेता मान सिंह पटेल साल 2016 में लापता हो गए थे। जमीन विवाद मामले में उनके बेटे सीताराम ने गोविंद सिंह राजपूत और उनके सहयोगियों पर पिता को गायब कराने का आरोप लगाया था। सीताराम ने दावा किया था कि उनके पिता अगस्त 2016 में उस समय लापता हो गए, जब उन्होंने राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। यह शिकायत सागर जिले में उनकी पुश्तैनी जमीन पर राजपूत और उनके साथियों द्वारा अवैध कब्जा और निर्माण से संबंधित थी।

सीताराम ने आगे आरोप लगाया कि उन्हें चुप कराने और संपत्ति पर कब्जा करने के लिए ही उनके पिता को गायब कराया गया था। स्थानीय प्रशासन और सीएम हेल्पलाइन को कई बार शिकायत करने के बावजूद मान सिंह का पता लगाने के लिए ठोस पुलिस कार्रवाई नहीं की गई। बाद में मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सर्वोच्च न्यायलय के निर्देश के बाद 14 अगस्त को यह एसआईटी गठित की गई।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493