साढ़े चार साल में 13 लाख लोगों को रोजगार मिले : वसुंधरा राजे

जयपुर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सिंधिया ने कहा कि किसी भी प्रदेश की तरक्की में निवेश का बड़ा योगदान होता है। जहां जितना अधिक निवेश होता है, वहां रोजगार के उतने ही नए अवसर पैदा होते हैं और उतना ही अधिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से साढ़े चार साल में करीब 13 लाख 50 हजार लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं।

राजे बुधवार को महिंद्रा सेज स्थित जेसीबी की उत्पादन इकाई में 3000वीं मशीन के उत्पादन अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि निवेश आने से न केवल प्रत्यक्ष बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के बड़े अवसर उत्पन्न होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं भी देश की प्रगति और विकास में बराबर की साझीदार हैं। खेल, वित्त, निर्माण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा साबित की है। उन्होंने जेसीबी में एक चौथाई महिला कार्मिक होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से ही महिलाओं का वास्तविक रूप में सशक्तीकरण हो सकता है। उन्होंने महिला कार्मिकों से मुलाकात कर उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।

राजे ने कहा, “मुझे यह जानकर खुशी हुई कि जेसीबी ‘मेड इन राजस्थान’ में अपनी प्रभावी भूमिका निभा रही है। कम्पनी 250 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश से संयंत्र का विस्तार करने जा रही है। इससे प्रदेश में रोजगार के और अवसर बढ़ेंगे।”

जेसीबी ग्रुप के चेयरमैन लॉर्ड बैम्फोर्ड ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के दूरदर्शी विजन और कुशल नेतृत्व से राजस्थान विकास के पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जेसीबी भारतीय भाषाओं में साहित्य को बढ़ावा देने के लिए साहित्य पुरस्कारों की शुरुआत करेगा और इसे जयपुर साहित्य उत्सव से भी जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, सांसद रामचरण बोहरा, विधायक कैलाश वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग राजीव स्वरूप, आयुक्त उद्योग कुंजीलाल मीणा, जेसीबी के ग्रुप सीईओ ग्रेम मेकडोनाल्ड तथा जेसीबी इंडिया के सीईओ विपिन सोंधी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493