मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। ‘सेक्स चैट विद पप्पू एंड पापा’ में मुख्य भूमिका निभा रहे बाल कलाकार कबीर साजिद मात्र सात साल के हैं। उन्होंने गायक शान के साथ मिलकर इस वेब श्रृंखला का शीर्षक गीत भी गाया है।
शीर्षक गीत में कंडोम और समलैंगिकता जैसे वर्जित विषयों को उठाया गया है।
यशराज फिल्म्स की युवा शाखा वाय फिल्म्स ने श्रृंखला का शीर्षक गीत ‘पप्पू और पापा’ जारी किया है।
एक बयान के मुताबिक, गीत की रचना गौरव दासगुप्ता, रोशिन बालु और शान की तिकड़ी ‘सुपर्बिया’ ने की है।
दासगुप्ता ने कहा, “जब वाई-फिल्म्स के अध्यक्ष और ‘सेक्स चैट विद पप्पू एंड पापा’ के निर्देशक पाटिल ने हमें श्रृंखला के बारे में बताया और हमें उसका शीर्षक गीत बनाने को कहा, तो शुरुआत में हम थोड़ा परेशान हो गए थे कि हम यह कैसे करेंगे।”
उन्होंने कहा, “इसकी रचना शुरू करने से पहले हम अपने बचपन की ओर लौटे और इसके खोए टुकड़ों को इकठ्ठा किया। फिर सब ठीक हो गया और टीम ने मिलकर कमाल कर दिया।”
‘सेक्स चैट विद पप्पू एंड पापा’ पांच भागों की श्रृंखला है। इसमें यौन संबंधित विभिन्न विषयों को बेहद सहज, साफ सुथरे और मनोरंजक ढंग से उठाया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य कलाकारों में आनंद तिवारी, कबीर साजिद, संजीदा शेख, अलका अमीन और दिग्गज अभिनेता सचिन पिलगांवकर शामिल हैं। वाई-फिल्म्स के अध्यक्ष पाटिल इसके जरिए निर्देशक के रूप में अपनी पारी की शुरुआत की है।
‘सेक्स चैट विद पप्पू एंड पापा’ में वत्स परिवार की कहानी दिखाई गई है, जिसमें सात वर्षीय पप्पू अपने पिता आनंद से बेहद आपत्तिजनक सवाल पूछता नजर आता है और आनंद अपनी समझ के अनुरूप उसकी जिज्ञासा को शांत करने का प्रयास करते दिखाई देते हैं।
dharmpath.com dharmpath