मुंबई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। कनाडा के ओंटारियो प्रांत की प्रधानमंत्री कैथलीन वाइने ने यहां फिल्मी सितारों के एक भव्य समारोह में हिस्सा लिया और दो नए समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह भी इस समारोह में मौजूद थे और यह समझौते भारतीय फिल्म उद्योग को लाभ पहुंचाने वाले होंगे।
महाराष्ट्र फिल्म स्टेज और कल्चरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और सिटी ऑफ टोरंटो ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में साथ काम करने के लिए एक समझौता-ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत दोनों फिल्म उद्योग स्टूडियो प्रोडक्शन, विजुअल एफेक्ट और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे।
मुंबई एकेडमी ऑफ मूविंग इमेज (एमएएमआई) और टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) ने भारतीय फिल्मकारों को अपनी फिल्में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों तक ले जाने के लिए मिलकर काम करने का भी उल्लेख किया।
एमएएमआई की अध्यक्ष किरन राव ने कहा, “टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दुनिया के कुछ बेहद प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सवों में से एक है। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे अपनी फिल्म ‘धोबी घाट’ का वहां प्रीमियर करने का मौका मिला। टीआईएफएफ हमेशा एमएएमआई के प्रति उदार रहा है और उनके साथ अपनी साझेदारी को एक कदम और आगे ले जाते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है।”
दोनों समझौते भारत और ओंटारियो फिल्म उद्योगों के बीच साझेदारी को और मजबूत करेंगे और दोनों क्षेत्रों के निर्माताओं, निर्देशकों और कलाकारों के बीच समन्वय का नया मार्ग खोलेंगे।
ओंटारियो की प्रधानमंत्री वाइने ने इस अवसर पर कहा, “ओंटारियो फिल्म निर्माण के लिहाज से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भू-भाग में से एक है और यह समझौता रचनात्मक फिल्म कला के क्षेत्र में हमारी श्रेष्ठता को और मजबूती प्रदान करने वाला है।”
dharmpath.com dharmpath