सानिया-हिंगिस की लगातार 25वीं जीत

ब्रिस्बेन, 8 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व की नबंर एक वरीयता प्राप्त जोड़ी सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस ने शुक्रवार को अपनी लगातार 25वीं जीत दर्ज की। उन्होंने ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट में आंद्रिया क्लेपाक और एल्ला कुद्रियावेत्सवा को 6-3, 7-5 से हराया।

टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को वरीयता क्रम में चौथे नंबर की जोड़ी से जीत के लिए दूसरे सेट में थोड़ा संघर्ष करना पड़ा। लेकिन, भारत और स्विट्जरलैंड के खिलाड़ियों की इस जोड़ी ने सही समय पर सही शाट लगाए और मैच जीत लिया।

मैच के बाद हिंगिस ने कहा, “मुझे लगता है कि हमने नए सीजन की अच्छी शुरुआत की है। हमें कभी नहीं लगा कि हमने 2015 में सब कुछ पा लिया है। हमने अपना खेल जारी रखा। हमें उम्मीद है कि हम एक और खिताब जीतने जा रहे हैं।”

सानिया और हिंगिस की लगातार जीत से पहले 2012 में सारा एरानी और राबर्टा विन्सी की जोड़ी ने लगातार 25 जीत हासिल की थी। इस मामले में रिकार्ड गिगी फर्नाडिस और नताशा ज्वेरेवा की जोड़ी के नाम है जिन्होंने 1994 के सत्र में लगातार 28 जीतें हासिल की थीं।

भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने कहा, “लंबे अर्से से हम हारे नहीं हैं। लेकिन, नए सत्र का आगाज कभी भी आसान नहीं होता। खासकर, जब आपका पिछला सत्र बेहतरीन रहा हो। सभी के निशाने पर हम हैं। “

सानिया ने कहा, “हम एक समय में एक ही मैच के बारे में सोच रहे हैं। हम सकारात्मक बने हुए हैं और वहीं से शुरुआत कर रहे हैं, जहां हमने छोड़ा था।”

सानिया और हिंगिस ने बीते साल नौ खिताब जीते थे। इनमें अमेरिकी ओपेन और विंबल्डन का खिताब भी शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493