सामापा संगीत सम्मेलन के दूसरे दिन भी गुंजायेमान हुआ शास्त्रीय संगीत

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी के कमानी सभागार में शुक्रवार से शुरू हुए तीन दिवसीय 13वें सामापा संगीत सम्मेलन के दूसरे दिन भी स्वर-लहरियां जमकर बरसी।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद दिव्यांश श्रीवास्तव ने राग कौशिक रंजनी में साढ़े दस मात्रा में गत, उसके बाद अति द्रुत तीन ताल प्रस्तुत कर अपने संतूर रस से उपस्थित श्रोताओं को सराबोर किया।

दूसरे दिन की दूसरी प्रस्तुति रूद्र वीणा पर बहाउद्दीन डागर की रही। उन्होंने राग नंद कौंस प्रस्तुत करते हुए संगीत स्वर-लहरियों को आगे बढ़ाया। इसके बाद पं. विजय शंकर मिश्रा के नेतृत्व में स्वर-लय-संवाद का आयोजन हुआ, जिसमें शरबरी बनर्जी व पदमजा चक्रवर्ती के गायन, मनोज मिश्रा व आशीष मिश्रा के तबला और घनश्याम सिसोदिया की सांरगी ने एक अलग ही अंदाज में सर्द शाम के दौरान महौल बनाया।

दूसरे दिन की अंतिम प्रस्तुति पंडित विद्याधर व्यास (गायन) की रही। उन्होंने राग गौरख कल्याण में विलंबित बड़ा खयाल ‘धन धन भाग गोरी तोरे’, मध्य लय तीन ताल में द्रुत रचना ‘पायलिया छुन छनन’, एक तराना, राग दुर्गा में जप ताल की बंदिश ‘सखी मोरी’, सहित एक नया राग भवानी प्रस्तुत किया।

सामापा संगीत सम्मेलन के दूसरे दिन प्रतिष्ठित सामापा पुरस्कार भी दिए गए। दूसरे दिन दिए गए अवार्डस में इस वर्ष सामापा द्वारा स्थापित किया गया ‘संगीत तेजस्वी सम्मान’ प्रसिद्ध रुद्र वीणा के प्रतिपादक उस्ताद मोही बहाउद्दीन डागर (महाराष्ट्र), प्रसिद्ध बांसुरी वादक चेतन जोशी (दिल्ली) और प्रसिद्ध संगीतकार जसपालमोनी (दिल्ली) को दिया गया।

सम्मेलन के तीसरे व अंतिम दिन रविवार को विदूषी मंजू मेहता (सितार), पंडित विनायक तोर्वी (गायन) और पंडित भजन सोपोरी (संतूर) के कार्यक्रम 13वें सामापा संगीत सम्मेलन का समापन करेंगे।

संतूर वादक व संगीतकार अभय रूस्तम सोपोरी ने कहा, “पहले दिन बहुत ही अच्छा रिस्पांस हमें मिला और आज भी खासा रूझान देख रहे हैं। श्रोताओं की संगीत के प्रति ऐसा रिस्पांस हमें प्रोत्साहित करता है कि लगातार और व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करते हुए युवा व वरिष्ठ कलाकारों के कला-कौशल से उन्हें रूबरू कराएं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493