जबलपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेल क्षेत्र के सिंगरौली-कटनी रेलखंड पर शुक्रवार को मालगाड़ी के 31 डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे रेल मार्ग पर रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ है। परिणामस्वरूप शक्तिपुंज एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।
पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे सिंगरौली से कटनी आ रही मालगाड़ी के 31 डिब्बे मंझौली-देवग्राम स्टेशन के बीच पटरी से उतर गए। इससे रेल पटरी क्षतिग्रस्त हो गई, परिणामस्वरूप 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से मिर्जापुर-चौपन-मानिकपुर-सतना-कटनी के रास्ते चलाया जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस रेलखंड पर चलने वाली कई गाड़ियों को आधे रास्ते तक ही चलाया जा रहा है। गाड़ी क्रमांक 51680, चौपन-कटनी पैसेंजर को सिंगरौली तक, गाड़ी क्रमांक 51679, कटनी-चौपन पैसेंजर को ब्योहारी तक चलाया जाएगा। इसी तरह गाड़ी क्रमांक 11651, जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस को सरई ग्राम स्टेशन पर समाप्त कर वापस जबलपुर तक चलाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत गाड़ी के साथ कटनी से रेल अधिकारी एवं कर्मचारी दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। साथ ही मंडल रेल प्रबन्धक, जबलपुर, मुख्य पुल इंजीनियर एवं अन्य अधिकारीगण घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
dharmpath.com dharmpath