कोलकाता, 19 जुलाई (आईएएनएस)। सियालदल स्टेशन के दक्षिण खंड पर एक इलेक्ट्रॉनिक मेट्रो यूनिट (ईएमयू) के बुधवार सुबह प्लेटफार्म से टकराने के बाद वह आंशिक तौर पर पटरी से उतर गई। सुबह कार्यालय जाने के समय हुए इस हादसे में तीन यात्री घायल हो गए।
पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रवि महापात्रा ने आईएएनएस से कहा, “डाउन सोनारपुर-सियालदह लोकल ज्यादा तेजगति की वजह से सियालदह दक्षिण खंड पर सुबह करीब 10.12 बजे प्लेटफार्म संख्या 13 की सुरक्षा दीवार से टकरा गई। इसकी वजह से ट्रेन के कोच के दो पहिए पटरी से उतर गए।”
अधिकारी के अनुसार, ट्रेन को बफर से चार या पांच फुट पहले टर्मिनल स्टेशन पर रोकना था, लेकिन इसके बजाय यह रक्षक दीवार से टकरा गई।
स्टेशन पर मौजूद स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इस हादसे में कम से कम 21 यात्रियों को चोटें आई हैं, जबकि पूर्वी रेलवे ने कहा कि उसे तीन लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।
इस दुर्घटना को लेकर रेलवे अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
dharmpath.com dharmpath