सिर्फ गेंद को मारने के बारे में सोच रहा था : पंत

नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। अपनी तूफानी पारी से दिल्ली डेयरडेविल्स को गुजरात लायंस पर शानदार जीत दिलाने वाले युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत का कहना है कि वह मैच में आउट होने के बारे में नहीं सोच रहे थे। उनके दिमाग में सिर्फ गेंद को मारने और टीम को जीत दिलाने की बात चल रही थी।

गुजरात ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में दिल्ली के सामने 209 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था जिसे दिल्ली ने पंत और संजू सैमसन के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 143 रनों की साझेदारी के दम पर 15 गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया।

पंत ने 43 गेंदों में नौ छक्के और चार चौकों की मदद से 97 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, संजू ने 31 गेंदों में 61 रन बनाए जिसमें उन्होंने सात छक्के लगाए।

मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में पंत ने कहा, “मैंने सोचा था कि मैं गेंद को देखूंगा और अगर मेरे क्षेत्र में हुई तो मैं उसे मारूंगा। मैं आउट होने या किसी और चीज के बारे में नहीं सोच रहा था। अगर खराब गेंद है तो आपको उसे मारना चाहिए। मैं यहीं कर रहा था।”

पंत ने अपनी इस पारी से सभी का दिल जीत लिया। वह जब आउट हुए तब गुजरात के कप्तान सुरेश रैना ने भी उनकी पीठ थपथपाई।

पंत ने कहा, “मैं किसी और बारे में नहीं सोच रहा था। मेरे दिमाग में एक बात चल रही थी कि मुझे जल्दी से जल्दी लक्ष्य हासिल करना है।”

पंत ने अपनी पारी को किसी भी पैमाने पर आंकने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “मैं अपनी पारी को रेट नहीं करता हूं और सिर्फ खेल पर ध्यान देता हूं और इसका लुत्फ उठाता हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493