नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। उप राज्यपाल नजीब जंग के कार्यालय के बाहर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर स्याही फेंकने के आरोपी को अदालत ने शुक्रवार को जमानत दे दी।
महानगर दंडाधिकारी अंबिका सिंह ने आरोपी बृजेश शुक्ला को जमानत दी और 15,000 रुपये का बंध पत्र भरने को कहा।
शुक्ला ने गत सोमवार को सिसोदिया पर उस समय स्याही फेंकी, जब वह जंग से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
स्याही हमले के बाद सिसोदिया चकित रह गए थे। स्याही के छींटे उनके चेहरे के कुछ भागों और बाएं कंधे पर पड़े थे।
जब संवाददाताओं ने शुक्ला से स्याही हमले का कारण पूछा तो उसने जवाब दिया, “दिल्ली में लोग मर रहे हैं और सिसोदिया ने तफरीह के लिए फिनलैंड जाना पसंद किया।”
सिसोदिया के पास शिक्षा विभाग भी है और वह फिनलैंड की अत्याधिक प्रशंसित शिक्षा प्रणाली का अध्ययन करने वहां गए थे।
आम आदमी पार्टी ने इस बात को लेकर आश्चर्य व्यक्त किया था कि हमले के समय घटनास्थल पर कोई पुलिसकर्मी उपस्थित नहीं था।
शुक्ला उत्तर पूर्व दिल्ली के करावलनगर के रहने वाला है।
dharmpath.com dharmpath