सीपीएल : बारबाडोस ट्राइडेंट्स की लगातार दूसरी जीत

ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 24 जून (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने केनसिंग्टन ओवल मैदान पर खेले गए कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) के तीसरे संस्करण के अपने दूसरे मैच में जमैका टालावाज को 16 रनों से हरा दिया।

टॉस ट्राइडेंट्स ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ड्वायन स्मिथ (56) और दिलशान मुनावीरा (24) ने पहले विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।

इसके बाद शोएब मलिक ने भी 29 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 43 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम के स्कोर को 150 रनों के पार ले जाने में अहम भूमिका निभाई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टालावाज की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर केवल 145 रन ही बना सकी। टालावाज की ओर से क्रिस लिन (37) ने सर्वाधिक रन बनाए। लिन ने 23 गेंदों की पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। होरैस मिलर ने 25 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रनों का योगदान दिया।

ट्राइडेंट्स की ओर से ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए रोबिन पीटरसन ने तीन विकेट चटकाए। रवि रामपॉल, रयाद इमरित और कीरन पोलर्ड को दो-दो सफलता मिली।

टूर्नामेंट में ट्राइडेंट्स की यह दूसरी जीत है। पहले मुकाबले में टीम ने इसी मैदान पर गयाना अमेजन वॉरियर्स को 49 रनों से हराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493