अमृतसर, 27 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब के गुरदासपुर जिले में आतंकवादी हमले के बावजूद भारत-पाकिस्तान सीमा के पास ध्वज उतारने के कार्यक्रम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। आगंतुक इस समारोह में शामिल होते रहेंगे। सीमा सुरक्षा बल के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यहां यह बात कही।
बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक एम.एफ.फारुखी ने आईएएनएस को बताया, “सामान्यतौर पर लोगों को ध्वज उतारने के समारोह में आने की अनुमति दी जाएगी।”
सेना की वर्दी पहने भारी हथियारों से लैस कुछ आतंकवादी पाकिस्तान की सीमा से सटे दीनानगर में एक ढाबा मालिक की हत्या करने के बाद उसकी कार लेकर बस स्टैंड पहुंचे और वहां जम्मू जाने वाली एक बस पर गोलीबारी के बाद उन्होंने थाने पर धावा बोल दिया। इस घटना में पांच लोगों के मारे जाने तथा 10 लोगों के घायल होने की सूचना है।
वाघा-अटारी सीमा पर हर रोज 10,000 से अधिक लोग बीएसएफ दस्ते और पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा की जाने वाली ड्रिल को देखने के लिए उपस्थित होते हैं।
dharmpath.com dharmpath