सीरियल रेपिस्ट ने 30 से अधिक बच्चों को मारा : पुलिस

नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में गिरफ्तार सीरियल रेपिस्ट रवींद्र कुमार ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकानेवाले खुलासे किए हैं। उसने दिल्ली तथा इसके आसपास 30 बच्चों के साथ दुष्कर्म तथा उनकी हत्या की बात कबूली है।

दिल्ली पुलिस के उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने आईएएनएस से कहा, “रवींद्र ने 30 बच्चों के साथ दुष्कर्म और उसके बाद उनकी हत्या की बात कबूली है। अधिकांश मामले दिल्ली तथा इसके आसपास के हैं।”

सिंह ने कहा कि रवींद्र को सोमवार को नरेला, बवाना तथा अलीपुर ले जाया गया। बाहरी दिल्ली के इन जगहों का खुलासा उसने पूछताछ के दौरान किया था।

अधिकारी ने कहा, “इससे हमें तथ्यों (दुष्कर्म और हत्या की संख्या) की प्रमाणिकता में मदद मिली।”

उन्होंने कहा, “मैं खुद इस मामले की निगरानी कर रहा हूं। अभी तक की जांच से लग रहा है कि मृतकों का आंकड़ा 40 तक पहुंच सकता है।”

अभी तक, पुलिस का मानकर चल रही थी कि रवींद्र ने लगभग 15 बच्चों को शिकार बनाया होगा।

सिंह ने कहा, “पुलिस ने इसका पता लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया है कि पिछले पांच साल में विजय नगर, बवाना, नरेला, अलीपुर, बेगमपुर, कंझावाला, समयपुर बादली तथा अन्य इलाकों में बच्चों की गुमशुदगी से संबंधित रपटें इस मामले से तो नहीं जुड़ी हैं।”

उपायुक्त ने कहा कि 24 वर्षीय रवींद्र ने पहला जुर्म साल 2008 में किया था।

बीते साल रवींद्र को दक्षिणी दिल्ली के बेगमपुर में एक नाबालिग लड़के के उत्पीड़न के लिए गिरफ्तार किया गया था। उसने बच्चे को उसके घर के नजदीक से उठाया था और गला रेतकर भाग गया था। उसे लगा था कि बच्चे की मौत हो गई है, लेकिन वह जिंदा था और पुलिस ने उसे एक निर्माणाधीन इमारत के सेप्टिक टैंक में खून से लथपथ पाया था।

उस मामले में रवींद्र बच गया था, क्योंकि उस वक्त पुलिस को मामले की गंभीरता और उसके सीरियल रेपिस्ट होने का पता नहीं चल पाया था।

उसे 16 जुलाई को एक बार फिर बेगमपुर में छह वर्षीया एक बच्ची के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया। बच्ची 14 जुलाई से ही लापता थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493