वाशिंगटन, 14 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका, सीरिया में विपक्ष को सात करोड़ डॉलर की सहायता देगा। यह सहायता असैन्य होगी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, अमेरिका के उप विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकेन ने बताया कि इस अतिरिक्त सहायता राशि के साथ ही सीरिया में पिछले पांच साल से जारी संघर्ष के दौरान सीरियाई विपक्ष को अमेरिका की ओर से दी गई सहायता की राशि 40 करोड़ डॉलर की हो जाएगी।
अमेरिका के विदेश मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि नई सहायता राशि में से तीन करोड़ डॉलर सीरियाई विपक्ष और सीरिया में स्थानीय प्रशासन की ढांचागत सुविधाओं तथा नागरिक सुरक्षा कर्मियों के लिए हैं, जिन्होंने सीरिया में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस सहायता राशि में से 2.5 करोड़ डॉलर की असैन्य सहायता विपक्ष की सशस्त्र इकाइयों के लिए होगी, जिससे विपक्ष की संचालन क्षमता में वृद्धि होगी।
बयान में यह भी कहा गया है कि सीरिया में सशस्त्र विपक्ष अपने समुदाय के लोगों की सुरक्षा के लिए लड़ रहा है।
अमेरिका ने सीरिया में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से मुकाबले के लिए सीरिया के उदारवाद विरोधी बलों के हजारों सैनिकों को प्रशिक्षित करना भी शुरू कर दिया है।
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, सीरिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक दो लाख से अधिक सीरियाई नागरिकों की मौत हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath