दमिश्क, 27 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तरी सीरिया के कुर्दिश बहुल शहर कमिशिली में बुधवार को दो अलग-अलग बम विस्फोट हुए, जिसमें कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए।
समाचार चैनल ‘अलजजीरा’ ने सीरियाई सरकारी टेलीविजन नेटवर्क के हवाले से कहा है कि तुर्की सीमा के निकट कमीशिली शहर के पश्चिमी क्षेत्र में बुधवार को विस्फोटकों से लदे एक ट्रक में विस्फोट हो गया। कुछ मिनट बाद ही उसी क्षेत्र में विस्फोटकों से भरी एक मोटरसाइकल में दूसरा विस्फोट हुआ।
आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड द लेवांट (आईएसआईएल/आईएसआईएस) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
ब्रिटेन की सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा है कि एक स्थानीय कुर्दिश पुलिस स्टेशन और एक नजदीकी सरकारी इमारत को निशाना बनाकर विस्फोट किए गए थे।
अमेरिका के समर्थन वाले ‘पीपुल्स प्रोटेक्शन यूनिट्स’ और आईएस के बीच शत्रुता और संघर्षो के कारण काफी समय से कमीशिली आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के निशाने पर बना हुआ है।
dharmpath.com dharmpath