सीलिंग पर केजरीवाल-भाजपा बैठक बेनतीजा समाप्त

नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के बीच सीलिंग अभियान पर मंगलवार की बैठक बेनतीजा समाप्त हो गई। दोनों धुर प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।

केजरीवाल ने भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख मनोज तिवारी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल पर आरोप लगाया कि उपराज्यपाल को प्रस्तुत किए जा सकने वाले सुझावों को तलाशने के बजाए वे बिना चर्चा किए चले गए।

केजरीवाल ने संवाददातों से कहा, “हमारे सभी विधायक और पार्षद भाजपा प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के लिए इकट्ठा हुए थे। उन्होंने सभी के सामने चर्चा करने से इंकार कर दिया।”

उन्होंने कहा, “इस बारे में कुछ भी गोपनीय नहीं है। यह कोई व्यक्तिगत मुद्दा नहीं है। यह एक सार्वजनिक मामला है। मैंने उनसे साथ बैठकर चर्चा करने और सीलिंग अभियान का समाधान ढूंढ़ने की विनती की। लेकिन वे चले गए।”

उन्होंने आगे कहा, “यह बहुत अच्छा अवसर था। दोनों राजनीतिक पार्टियां इस मामले पर चर्चा कर सकती थीं और उसके बाद समाधान सुझाने के लिए उपराज्यपाल से संपर्क कर सकती थीं।”

सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर एक निगरानी समिति द्वारा दिल्ली नगर निगम के जरिए व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए आवासीय संपत्तियों का इस्तेमाल करने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों, यहां तक कि चिकित्सकों के क्लीनिक्स के खिलाफ भी सीलिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वहीं, भाजपा ने आप पर बैठक को नाकाम करने का आरोप लगाया है।

तिवारी ने संवादादातों से कहा, “बैठक में 150 से ज्यादा आप समर्थक थे। हम एक बंद कमरे में बैठक चाहते थे। उन्होंने हमारी महिला महापौरों और हमारे विधायक विजेंदर गुप्ता के साथ दुर्व्यवहार किया और बैठक को बाधित किया। यह अत्यधिक निंदनीय है।”

उन्होंने कहा, “जब हमने 351 सड़कों के बारे में बात की तो उनके विधायकों ने चिल्लाना शुरू कर दिया और हमें बात नहीं करने दी।”

तिवारी के अनुसार, “मुख्यमंत्री ने इस तरह से बोलना शुरू कर दिया जैसे वह किसी सार्वजनिक रैली को संबोधित कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि हमारे पार्टी नेताओं पर हुए हमले की सिविल लाइंस पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493