सुदीरमन कप : भारत की द. कोरिया से आर-पार की लड़ाई

डोंगुआन (चीन), 12 मई (आईएएनएस)। भारतीय टीम वर्ल्ड मिक्स्ड टीम बैडमिंटन चैम्पियनशिप सुदीरमन कप में बुधवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला खेलने उतरेगी तो नॉकआउट में प्रवेश करने के लिए उनके लिए यह मैच जीतना अनिवार्य होगा।

भारतीय टीम ने पिछले ग्रुप मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ जमकर संघर्ष किया, हालांकि भारतीय टीम यह मैच 2-3 से हार गई।

ग्रुप-1डी में भारत सहित कुल तीन टीमें हैं, जिनमें से शीर्ष दो टीमें नॉकआउट में प्रवेश करेंगी।

मलेशिया के खिलाफ पिछले मैच में भारत की शीर्ष महिला एकल खिलाड़ी सायना नेहवाल और महिला युगल जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने भारतीय टीम को दो जीत दिलाई थी।

भारत की ओर से पुरुष एकल में शीर्ष खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत सहित भारतीय टीम हालांकि तीन अन्य मुकाबले हार गई थी।

भारत पर मिली जीत से पहले मलेशिया ने रविवार को तीन बार की चैम्पियन दक्षिण कोरिया को भी हराया था और नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया।

डोपिंग के कारण आठ महीने का प्रतिबंध झेलने के बाद वापसी करने वाले पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त ली चोंग वेई ने मलेशियाई टीम को मजबूती दी है।

बुधवार को होने वाले मैच में 15 सदस्यीय भारतीय दल दक्षिण कोरिया से सभी पांच वर्गो, महिला एवं पुरष एकल तथा महिला पुरुष एवं मिश्रित युगल, में खेलेगी।

दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त सायना को इस मैच में सातवीं विश्व वरीय सुंग जी ह्यून से, जबकि चौथे विश्व वरीय श्रीकांत को पांचवें विश्व वरीय वान हो सोन से भिड़ना पड़ सकता है।

सायना और सुंग के बीच जीत-हार का आंकड़ा 5-1 का है। हालांकि श्रीकांत और वान हो के बीच जीत-हार का आंकड़ा 2-4 का है।

भारत दोनों एकल मुकाबले जीतने की कोशिश करेगा, क्योंकि कोरियाई टीम युगल में कहीं मजबूत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493