सुनंदा के शरीर में विकिरण का स्तर सुरक्षा मानदंड के भीतर : बस्सी (लीड-1)

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी. एस. बस्सी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर के विसरा नमूनों की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) लैब की फोरेंसिक रिपोर्ट मिल गई है और सुनंदा के शरीर से लिए गए नमूनों के अनुसार विकिरण का स्तर सुरक्षा मानदंड के भीतर था। सुनंदा की जनवरी 2014 में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

बस्सी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “हमें ई-मेल द्वारा एफबीआई की फोरेंसिक रिपोर्ट मिली है। विस्तृत रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल बोर्ड इसकी जांच करेगा।”

उन्होंने कहा, “नमूनों में विकिरण का स्तर सुरक्षा मानदंड के भीतर पाया गया।”

बस्सी ने कहा कि दिल्ली पुलिस सुनंदा के विसरा नमूनों की एफबीआई रिपोर्ट पर मेडिकल बोर्ड की राय मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

गौरतलब है कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डॉक्टरों के पैनल ने कहा था किजिस जहर के कारण सुनंदा की मौत हुई है, उसकी जांच की सुविधा भारतीय लैब में संभव नहीं है। इसके बाद सुनंदा के विसरा के नमूनों को अमेरिका भेजा गया था।

सुनंदा पुष्कर को 17 जनवरी, 2014 को दिल्ली के एक आलीशान होटल में रहस्मय परिस्थिति में मृत पाया गया था। एक जनवरी, 2015 को पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493