मुंबई, 8 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी मुंबई सिटी एफसी के खिलाड़ी सुनील छेत्री, उदांत सिंह, अमरिंदर सिंह, लालछुआनमावई फनाई एएफसी कप-2016 में बेंगलुरू एफसी की तरफ से खेलते हुए शानदर प्रदर्शन करने के बाद मुंबई की टीम में लौट आए हैं।
इस बात की घोषणा मंगलवार को फ्रेंचाइजी ने की।
एएफसी कप के फाइनल में पहली बार किसी भारतीय क्लब ने जगह बनाई थी। उस टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद राष्ट्रीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री एक बार फिर नोर्डे और फोर्लान जैसे खिलाड़ियों के साथ मुंबई की टीम में दिखाई देंगे।
इस पर मुंबई के मुख्य कोच एलेक्जांद्रे गुइमारेस ने कहा, “हम सुनील, अमरिंदर, फनाई और उदांत के टीम से जुड़ने से खुश हैं। यह सभी बेंगलुरू एफसी के साथ एक शानदार सफर बिता कर लौटे हैं। उनका प्रदर्शन उनकी योग्यता के बारे में बताता है।”
वापसी पर छेत्री ने कहा, “बेंगलुरू एफसी के साथ हमारा अनुभव अविश्वसनीय रहा और अब हम आईएसएल में अपने साथी खिलाड़ियों के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं।”
dharmpath.com dharmpath