पटना, 21 जून (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले ‘सुपर 30’ के छात्र ब्रजेश कुमार सरोज को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और फिल्म अभिनेता आमिर खान ने बधाई दी और उन्हें आर्थिक सहायता की पेशकश की।
‘सुपर 30’ आईआईटी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के लिए चर्चित संस्था है। इस संस्था में गरीब तबके के छात्र ही प्रशिक्षण लेते हैं।
इन दिग्गजों ने सरोज को फोन कर बधाई दी। सरोज ने आईएएनएस को बताया, “मुझे विश्वास नहीं हुआ कि राहुल गांधी और आमिर खान ने मेरी सफलता पर मुझे बधाई दी और मुझे मदद की पेशकश की।”
उन्होंने ‘सुपर 30’ के संस्थापक आनंद कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सफलता का श्रेय आनंद सर को जाता है।
आनंद ने जवाब में कहा, “यह बहुत अच्छा संकेत है कि प्रसिद्व हस्तियां वंचित वर्ग के छात्र की सफलता में रुचि ले रहे हैं। यह उनके लिए काफी प्रेरणादायक होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने युवक को सम्मानित करने के लिए आमंत्रित भी किया है।”
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के निवासी सरोज के पिता सूरत में एक कपड़ा मिल में मजदूर हैं। उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने भी ‘सुपर 30’ की सफलता के लिए आनंद को टेलीफोन कर बधाई दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने भी आनंद की प्रशंसा करते हुए फेसबुक पर लिखा है, “आनंद पूरी योजना के साथ आगे बढ़ने वाले व्यक्ति हैं। शिक्षा के क्षेत्र में आनंद एक ‘ब्रांड’ बन चुके हैं।”
dharmpath.com dharmpath