नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि उसके उपाध्यक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय पुदुच्चेरी, तमिलनाडु और केरल दौरा सुरक्षा संबंधी खतरे की वजह से नहीं टला है। राहुल को बुखार है, इस वजह से दौरा टालना पड़ा है।
कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने आईएएनएस से कहा, “मैं सौ फीसदी आश्वस्त हूं कि बेनाम धमकी वाला पत्र दौरा स्थगित होने का कारण नहीं है। वह वास्तव में बीमार हैं। उन्होंने इस बारे में ट्विटर पर भी लिखा है।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन राज्यों का दौरा कुछ दिनों बाद करेंगे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल को राहुल गांधी की सुरक्षा का भरोसा दिलाया था।
राहुल ने सोमवार की रात ट्विटर पर लिखा, “दुर्भाग्यवश,मैं रविवार से ही तेज बुखार से पीड़ित हूं। डॉक्टर ने दो दिन आराम करने की सलाह दी है।”
दौरे के नए कार्यक्रम से सबको अवगत कराने का वादा करते हुए उन्होंने लिखा है “मैं पुदुच्चेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता से योजना के मुताबिक 10 और 11 मई को उनके साथ होने का मौका खो देने के लिए माफी मांगता हूं।”
कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी को मंगलवार को पुदुच्चेरी के कराईकल में कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) की रैली को संबोधित करना था।
dharmpath.com dharmpath