संयुक्त राष्ट्र, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने लीबिया की राजधानी त्रिपोली में दक्षिण कोरिया और मोरक्को के दूतावासों पर हुए आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, यूएनएससी द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान में बताया गया, “सुरक्षा परिषद के सभी सदस्य कूटनीतिक परिसरों पर हिंसा की निंदा करते हैं, जिससे निर्दोष लोगों की जान को खतरा होता है और कूटनीतिक प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के सामान्य कार्यो में गंभीर बाधा आती है।”
परिषद ने ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों को सजा दिलाने की जरूरत पर भी बल दिया।
बयान में कहा गया, “यूएनएससी के सदस्य हमलों में मारे गए दो लीबियाई नागरिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”
गौरतलब है कि रविवार को त्रिपोली में दक्षिण कोरिया के दूतावास पर हुए बंदूकधारियों के हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी और एक अन्य घायल हो गया था।
इसके ठीक एक दिन बाद सोमवार को त्रिपोली में मोरक्को दूतावास पर बम हमला हुआ था। हालांकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन दूतावास परिसर क्षतिग्रसत हो गया था।
दोनों हमलों की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आईएस)आतंकवादी संगठन ने ली।
dharmpath.com dharmpath